Tata Motors-Iveco Deal: टाटा ग्रुप एक बार फिर ग्लोबल मार्केट में धमाल मचाने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, टाटा मोटर्स इटली की फेमस कंपनी इवेको को का टेकओवर करने की तैयारी कर रही है। यह डील 4.5 अरब डॉलर में होने की उम्मीद है। अगर यह डील पूरी होती है तो टाटा ग्रुप की अब तक की दूसरी सबसे बड़ी विदेशी खरीद होगी। इससे पहले, साल 2007 में 12 अरब डॉलर में कोरस (अब टाटा स्टील यूरोप) के अधिग्रहण किया था। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने हाल ही में कहा था कि ग्रुप ने पिछले पांच सालों में 5.5 लाख करोड़ रुपये खर्च कर खुद को फ्यूचर फिट बनाया है। इस दौरान ग्रुप की इनकम डबल हो गई है और नेट प्रॉफिट व मार्केट कैप तीन गुना बढ़ा है।
डील से इस सेक्टर में ग्लोबल लेवल पर बढ़ेगी पहचान
टाटा ग्रुप ग्लोबल लेवल पर अपने स्थिति को और मजबूत करने के लिए लगातार कई कदम उठा रहा है। जहां अधिकत्तर भारतीय बिजनेस घराने या तो अपने देश में ही दबदबा बरकरार रखने में लगे हुए हैं या फिर आसपास के देशों तक सीमित हैं, वहीं टाटा ने शुरू से ही वैश्विक स्तर पर छाने योजना बनाई है। इस डील से टाटा मोटर्स की ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्लोबल पहचान और मजबूत होगी। बता दें कि इवेको कमर्शियल व्हीकल के सेक्टर में एक बड़ा नाम है और इसके अधिग्रहण से टाटा ग्रुप का पोर्टफोलियो और मजबूत होगा।
टाटा की शुरू से रही ऐसी सोच
बता दें कि टाटा ग्रुप की वैश्विक महत्वाकांक्षा कोई नई बात नहीं है। इसकी शुरुआत ग्रुप के संस्थापकों से ही हो गई थी। जेआरडी टाटा और बाद में रतन टाटा, दोनों ने ही इसी मानसिकता के साथ काम किए हैं। उनका मनना था कि भारतीय कंपनियां केवल सस्ते प्रोडक्शन या आउटसोर्सिंग का ठिकाना नहीं होनी चाहिए, भारतीय कंपनियों को ब्रांड बनाने, रिसर्च और डेवलपमेंट में निवेश करने और प्रोडक्ट-केंद्रित ग्लोबल खिलाड़ी बनने की जरूरत है।
इवेको सौदे का क्या होगा असर?
बता दें कि अगर इवेको के साथ डील पक्की हो जाती है, तो ये टाटा मोटर्स के लिए बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है। इवेको के साथ टाटा को कमर्शियल व्हीकल्स के मार्केट में नई ताकत मिलेगी, खासकर यूरोप और अन्य ग्लोबल मार्केट्स में। ये डील दुनिया के हर कोने में अपनी छाप छोड़े वाले मकसद को पूरा करने में मदद करेगी। टाटा पहले ही जगुआर लैंड रोवर जैसी बड़ी खरीद कर चुका है, और अब इवेको के साथ उनकी ग्लोबल ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में और पकड़ बढ़ेगी।
Source: Mint