तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पसमैलाराम फेज-1 में मौजूद सिगाची इंडस्ट्रीज के फार्मा प्लांट में सोमवार, 30 जून को एक बड़ा धमाका हुआ। ये धमाका एक रिएक्टर में हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई और बाजार में घबराहट का माहौल देखा गया।
कितने लोग घायल हुए?
इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गयी और 20 अन्य घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत नाजुक है। पुलिस ने बताया कि विस्फोट सिगाची इंडस्ट्रीज में हुआ। विस्फोेट के कारण फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में भीषण आग लग गयी। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। विस्फोट इतना जोरदार था कि कुछ कर्मचारी 100 मीटर दूर जाकर गिरे।
फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि घटना के समय करीब 30 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। इस घटना में पांच श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। विस्फोट से फैक्ट्री के निर्माण और प्रशासनिक भवनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
विस्फोट के बाद फैले रासायनिक धुएं को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों को खाली करा दिया। संगारेड्डी कलेक्टर प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक परितोष घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
शेयर का क्या हाल रहा?
धमाके की खबर के कुछ ही देर बाद सिगाची इंडस्ट्रीज का शेयर BSE पर 12.3% गिरकर ₹48.39 तक पहुंच गया। दोपहर 12 बजे तक यह ₹48.96 पर 11.27% की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था।
इस हादसे का सीधा असर सिर्फ शेयर प्राइस पर ही नहीं बल्कि ट्रेडिंग वॉल्यूम पर भी पड़ा। आमतौर पर सिगाची के एक हफ्ते का औसत ट्रेडिंग वॉल्यूम 65 लाख शेयर और एक महीने का औसत 71 लाख शेयर होता है। लेकिन सोमवार को यह आंकड़ा सीधे 2 करोड़ शेयरों तक पहुंच गया। इससे साफ पता चलता है कि बाजार में इस खबर को लेकर चिंता का माहौल था और निवेशकों ने तेजी से एक्शन लिया।
सिगाची इंडस्ट्रीज कंपनी प्रोफाइल
सिगाची इंडस्ट्रीज की शुरुआत 1989 में हुई थी। ये कंपनी माइक्रोक्रिस्टलाइन सेल्युलोज (MCC) नाम का केमिकल बनाती है, जो दवाओं की गोलियां और कैप्सूल बनाने में एक जरूरी सामग्री होती है। सिर्फ फार्मा ही नहीं, इसका इस्तेमाल फूड प्रोडक्ट्स, हेल्थ सप्लीमेंट्स (न्यूट्रास्युटिकल्स) और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में भी बड़े पैमाने पर होता है।
(इनपुट्स- वार्ता)
Source: Mint